पीडीडीयू नगर। रविनगर से पथरा जाने वाले मार्ग पर रखे मोबाइल ट्रांसफार्मर से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। पूर्व चेयरमैन सरस्वती देवी के घर के समीप रखा 400 केवी का ट्रांसफार्मर गर्मी के मौसम में करीब चार माह पूर्व जल गया था। बिजली विभाग ने 630 केवी का मोबाइल ट्रांसफार्मर रख कर आपूर्ति बहाल कर दी। विडंबना यह है कि विभाग ने ट्रांसफार्मर को मुख्य सड़क पर ही रखवा दिया है जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
रविनगर में लगा ट्रांसफार्मर करीब चार माह पूर्व जल गया था। कॉलोनी के लोगों के हो हल्ला मचाने पर बिजली विभाग ने जले ट्रांसफार्मर के स्थान पर नगर पालिका परिषद से प्राप्त 630 केवी का ट्रांसफार्मर सड़क पर ही रखकर आपूर्ति बहाल कर दी। इस मार्ग पर दो विद्यालय हैं जिनमें हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने जाते हैं। इस संबंध में जेई कृष्ण मुरारी बिंद ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर की मांग की गई है। ट्रांसफार्मर मिलने के बाद लगा दिया जाएगा।