पीडीडीयू नगर। बिहार से आने वाली ट्रेनें शिक्षक भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों से भरी रह रही हैं। ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण सुरक्षा इंतजाम छिन्न भिन्न हो गए। रेलवे स्टेशन और बाजार में परीक्षार्थियों का रेला लगा रहा। इससे आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिहार में 24 और 25 को शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें दूसरे प्रदेश के बच्चों को भी शामिल होने की छूट दी गई है। ऐसे में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के युवाओं ने फार्म भरा। युवाओं का परीक्षा सेंटर बक्सर, आरा, पटना, गया, अररिया, कटिहार सहित बिहार के विभिन्न इलाकों में बनाया गया है। ऐसे में परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए युवा ट्रेन से गए थे।
शुक्रवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद युवा लौटने लगे। ऐसे में बिहार से पीडीडीयू जंक्शन आने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रही। वैसे तो भीड़ को संभालने के लिए पीडीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी पहले से तैयारी कर चुकी थी। शाम तीन बजे के बाद ट्रेनों में भीड़ उमड़नी शुरू हुई। ट्रेनों में भीड़ को संभालने में आरपीएफ निरीक्षक पीके रावत, जीआरपी पीडीडीयू के निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह और वाणिज्य विभाग के सीएसजी एनके मिश्र के नेतृत्व में पूरी टीम जुटी रही। इसके बावजूद स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई थी। सुरक्षा बलों के सामने ही अभ्यर्थी एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करते रहे।
चलाई गईं चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
पीडीडीूय नगर। शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। ये ट्रेनें शुक्रवार को चलाई गईं। शनिवार को भी इ इनका संचालन किया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनंसपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियाें की सुविधा के लिए 25 और 26 अगस्त को गया से 15 बजे परीक्षा स्पेशल खुलेगी और रात आठ बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। दूसरी परीक्षा स्पेशल 25 और 26 अगस्त अगस्त शाम 18.45 बजे खुलकर 23.45 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। गया-पटना रूट पर स्पेशल ट्रेन एक बजे और 14.45 बजे खुलेगी जबकि तीसरी गया-पटना स्पेशल शाम 18.30 बजे और चौथी गया पटना शाम 19.00 बजे खुलेगी। सासाराम आरा स्पेशल शाम छह बजे खुलेगी जबकि भभुआ रोड पटना एक्सप्रेस भभुआ से खुलेगी और सासाराम में पहुंच कर रुकेगी। यहां से यह ट्रेन 12.30 बजे के बजाए 13.00 बजे खुलेगी।