चंदौली। मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने नेशनल हाइवे और सर्विस रोड पर शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्राली को बचाने के प्रयास में ट्रेलर तीन वाहनों से टकरा गया। हाइवे पर जहां ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे हिस्से में टक्कर मारी। इसके बाद कोतवाली के बाहर सर्विस रोड पर खड़े दो कंटेनर को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग अनहोनी की आशंका में मौके की ओर दौड़ पड़े। संयोग अच्छा रहा कि हादसे के वक्त बारिश हो रही थी जिससे सड़क सुनसान थी। घटना के बाद जहां एक तरफ ट्रैक्टर चालक सुरेंद्र यादव (40 वर्ष) केबिन में फंस गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चालक को पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आयी थी। वहीं दूसरी ओर ट्रैक्टर चालक अपनी ट्राली को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।