विशुनपुरा गांव के समीप बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। विशुनपुरा गांव निवासी जितेंद्र (35) और उनका भतीजा भोला राजभर (22) बृहस्पतिवार की देर रात बाइक से सकलडीहा बाजार जा रहे थे। दोनों गांव में हनुमान मंदिर के समीप पहुंचे थे तभी इटवा गांव से पुआल लाद कर तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। स्थानीय लोग दौड़कर दुर्घटना स्थल पर पहुंचे तो चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार के लोग दोनों को अस्पताल ले जा रहे थे कि जितेन्द्र ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इलाज के दौरान अस्पताल में भोला की भी मौत हो गई। भोला की पत्नी छह माह की गर्भवती है।
सकलडीहा सीओ राजेश राय ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक धरहरा में वाहन को खड़ा कर भाग निकला। पुलिस ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है।
बाइक टकराईं, एक युवक की मौत, दूसरा जख्मी
-शादी से सात दिन पहले युवक की मौत, चार महीने में हुई थी भाई की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
चहनियां। बलुआ थाना अंतर्गत मरकनिया जमालपुर गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर में दो बाइक टकरा गईं। इस घटना में महरखां गांव निवासी युवक की मौत हो गई। नदी निवासी भगवानदास गंभीर रूप से जख्मी हो गया। महरखा गांव निवासी रमेश राम के तीन बेटों में दूसरे नंबर का दुर्वासा गौतम (28) शुक्रवार की दोपहर में किसी काम से बाइक लेकर घर से निकला था। नादी गांव निवासी भगवान दास पुत्र अक्षय लाल यादव बाइक लेकर किसी काम से बाजार के निकला था। दोनों बाइक सवार जमालपुर गांव के समीप पहुंचे थे कि टकरा गए। दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दुर्वासा को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्वाशा के बड़े भाई अर्जुन की चार माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। दुर्वाशा की एक अप्रैल को शादी होनी थी। घर में तैयारियां चल रही थीं। परिजनों को क्या पता कि शादी की तैयारी मातम में बदल जाएगा। बड़े बेटे की मौत से उबरने की कोशिश कर रहे राजगीर मिस्त्री का काम करने वाले रमेश दूसरे बेटे की मौत से बेहाल हो गया। वहीं माता निठोहर देवी और भाई किशन गौतम का भी रो रोकर हाल बेहाल हो गया।
अवरोधक से टकराई कार, तीन घायल
पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पड़ाव चौराहे के समीप लगे मार्ग अवरोधक से शुक्रवार की भोर में एक कार टकरा गई। कार बैठे पति, पत्नी और साला घायल हो गये। घटना के बाद पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
वाराणसी के सोएपुर निवासी निखिल राज (40) कार से अपनी बहन अर्चना सिंह (27) व जीजा एवं उनके दो बच्चों को लेकर उसकी ससुराल चंदौली जिले के कुशहा गांव छोड़ने जा रहे थे। भोर में साढ़े पांच बजे जैसे ही राजघाटपुल से उतरकर पीडीडीयू नगर की ओर बढ़े कि सामने से आ रहे ऑटो के कारण कार अनियंत्रित होकर पुल के समीप लगे लोहे के मार्ग अवरोधक से टकरा गई। इससे पति-पत्नी व साला घायल हो गए। उनको निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
ट्रैक्टर का गुल्ला टूटा, सड़क पर बिखरा बालू्
चहनिया। नौबतपुर से बालू लादकर आ रहे ट्रैक्टर का गुल्ला शुक्रवार को बिसुनपुरा गांव के पास टूट गया। इसके चलते पूरा बालू सड़क पर फैल गया। बाद में ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने ट्रैक्टर को सड़क से हटाया । ट्रैक्टर चालक उमेश कुमार के अनुसार वह नौबतपुर से बालू लादकर सैदपुर जा रहा था। संवाद