शिकारगंज । चकिया कोतवाली क्षेत्र के मूसाखांड़ बांध पर पिकनिक मनाते हुए साथियों के साथ गए युवक अनीस विश्वकर्मा उर्फ कल्लू (22) की बांध के जलाशय में डूबने से मौत हो गई। वह वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के भीम नगर मुहल्ले का निवासी था। युवक की डूबने की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के भीम नगर निवासी अनिल विश्वकर्मा का पुत्र अनीश दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मूसाखांड़ पहुंचा था। जहां नहाने के दौरान पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबते देख साथियों ने शोर मचाना आरंभ किया लेकिन जब तक आसपास के लोग पहुंचते अनिल पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर रामपुर चौकी इंचार्ज गिरीश चंद्र राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। मंगलवार को शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।