पीडीडीयू नगर। नगर निकाय क्षेत्र में प्रकाश, जलभराव और गंदगी से जुड़ीं समस्याओं की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1533 जारी किया गया था। पिछले 15 दिनों से यह नंबर काम नहीं कर रहा है। अधिकारी एक-दूसरे को पत्र भेजकर कोरम पूरा कर हैं। जनता की सहूलियत के लिए सरकार ने नगर पालिका, नगर पंचायतों में डेडिकेटेड कमांड कंट्रोल सेंटरों का संचालन शुरू किया था। इसके लिए शासन स्तर से टोल फ्री नंबर 1533 जारी किया गया था। इस पर आमजन सुबह दस से शाम पांच बजे तक नगर क्षेत्र में सफाई, सीवर समेत अन्य समस्याओं से जुड़ी शिकायत कर सकते हैं। जिले में इसका कमांड कंट्रोल रूम नगर पालिका पीडीडीयू नगर में बनाया गया है। यहां आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है। पिछले 15 दिनों से नंबर खराब है। इसके चलते लोग अपनी शिकायत नहीं कर पा रहे है।