चंदौली। बिजली विभाग में बड़े बकाएदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली के लिए एक मुश्त समाधान योजना लागू की गई है। इसके तहत इस योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं के पास रविवार और सोमवार दो दिन का शेष बचा हुआ है। इसके लिए रविवार को भी कार्यालय खुले रहेंगे।विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता एके सिंह ने बताया कि एक मुश्त समाधान योजना के तहत माह जनवरी 2021 तक के बकाया धनराशि पर शतप्रतिशत ब्याज माफी की योजना वर्तमान में संचालित है। इसके तहत मूल बकाया धनराशि का 30 प्रतिशत धनराशि 15 मार्च तक जमा कर पंजीकरण कराना है। शेष धनराशि 31 मार्च तक उपभोक्ता जमा कर सकता है। इसके बाद पूर्ण ब्याज का छूट प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ प्राप्त करने के साथ ही अपने विरुद्ध होने वाले राजस्व वसूली की विभागीय कार्रवाई से बच सकते हैं। कहा कि 14 मार्च रविवार को खंड के अन्तर्गत खंडीय कार्यालय, उपखंडीय कार्यालय एवं कैश काउंटर एक मुश्त समाधान योजना के लिए खुले रहेंगे। इस योजना के तहत आरसी धारा 138 (बी) वाले उपभोक्ता लाभ प्राप्त कर सकते हैं।