कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर स्थित पेट्रोल टंकी के सामने रविवार को तेज रफ्तार पिकअप चालक की लापरवाही से तीन वाहन आपस में भिड़ गए। इसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर भाग गया। मिर्जापुर के पखवैया अनिरुद्धपुर निवासी उमाकांत गौड़ (32) अपने ऑटो से सवारियों को लेकर गोपीगंज की ओर आ रहे थे। ऑटो में बैठे यात्रियों में समसुल हक (65) निवासी चूड़िहारी मोहल्ला, गोपीगंज और शब्बू (40) निवासी नई बस्ती, गोपीगंज शामिल थे। इसी समय गोपीगंज की तरफ से मिर्जापुर की ओर जा रही स्विफ्ट कार में श्यामजी तिवारी (48) निवासी मेगना बिठूर, कानपुर व उनके रिश्तेदार भूपेश मिश्रा (40) निवासी कानपुर चुनार जा रहे थे। दूसरी तरफ सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर ऑटो से भिड़ गई। दुर्घटना में कार और ऑटो पर सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही यातायात क्षेत्राधिकारी व यातायात प्रभारी अनिल सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।