दुर्गा पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोलकाता से हरिद्वार और अजमेर के बीच तीन जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन का निर्णय लिया है। तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होकर गुजरेगी। स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राहत मिलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि कोलकाता हरिद्वार पूजा स्पेशल ट्रेन एक अक्तूबर को कोलकाता से 11.25 बजे कोलकाता से खुलेगी। यह ट्रेन अगले दिन शाम छह बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन हरिद्वार से दो अक्तूबर की रात आठ बजे हरिद्वार से खुलकर तीसरे दिन भोर में 03.10 बजे कोलकाता पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन नैहाटी, बंडेल, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, पटना, आरा, बक्सर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद एवं लक्सर स्टेशनों पर रुकेगी।
इसी तरह कोलकाता हरिद्वार पूजा स्पेशल आठ अक्तूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को कोलकाता से दिन में 11.25 बजे खुलकर अगले दिन शाम छह बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इसी तरह हरिद्वार से प्रत्येक रविवार की रात साढ़े आठ बजे खुलकर मंगलवार की भोर में 03.35 बजे कोलकाता पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन नैहाटी, बंडेल, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, पटना, आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद एवं लक्सर स्टेशनों पर रुकेगी। वहीं कोलकाता अजमेर पूजा स्पेशल चार से 25 अक्तूबर तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार को कोलकाता से दोपहर दो बजे खुलकर बुधवार की शाम 19.40 बजे अजमेर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार अजमेर से रात 22.00 बजे खुलकर शुक्रवार की भोर में पांच बजे कोलकाता पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के पांच, शयनयान श्रेणी के 10 और एसएलआर के 02 कोच सहित कुल 17 कोच होंगे।