पीडीडीयू नगर। जिले में संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। इसका असर एक्टिव केस की संख्या में कमी के रूप में दिख रहा है। शनिवार को तीन नए संक्रमित मिले जबकि आठ संक्रमित स्वस्थ हुए। इसकी पुष्टि डीएम संजीव सिंह ने की है। शनिवार को मिली कोरोना रिपोर्ट में एक महिला और दो पुरुष सहित तीन नए कोरोना पॉजिटिव मिले। ये सभी लोकल ट्रैवलिंग या अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में चंदौली, नियामताबाद और पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के एक एक रहवासी हैं। इनके संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जिले में शनिवार को कोरोना की जांच के लिए कुल 1766 नमूने संग्रहित किए गए। दूसरी तरफ शनिवार को आठ संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। इस तरह जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16148 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 45 है जबकि 15752 संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं।