स्थानीय पुलिस ने बिशनपुरवा गांव के पास से बृहस्पतिवार को एक युवक का मोबाइल छीनकर भाग रहे बाइक सवार तीन बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की मोबाइल व बाइक को बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बिशुनपुरवां गांव निवासी निखिल चौहान गांव के बाहर सड़क पर बृहस्पतिवार को अपने मोबाइल से बात कर रहा था। इसी बीच सैदूपुर की तरफ से पीछे से आए बाइक सवार एक युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया और भागने लगा। तब तक गांव के एक अन्य युवक ने अपनी बाइक से पीछा कर बदमाश को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। तब तक गिरोह के अन्य सदस्य दूसरी बाइक से पहुंचे गए। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों को भारी भीड़ जुड़ गई। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस सभी को पकड़कर थाने लाई। पूछताछ के बाद मोबाइल छिनने वाले सूरज कुमार, कुलदीप कुमार, रोहित कुमार के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सूरज कुमार तथा कुलदीप कुमार चंदौली थाना क्षेत्र के के जयरामपुर गांव के रहने हैं, वहीं रोहित कुमार दरवेशपुर गांव का रहने वाला है। मोबाइल चोरी की घटना में लिप्त तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।