धीना। स्थानीय थाना के लखईपुर गांव में 19 फरवरी को गाजीपुर से आकर मारपीट करते हुए फायरिंग करने के तीन आरोपियों को सोमवार को पुलिस ने गाजीपुर में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य की तलाश की जा रही है।
धीना थानाध्यक्ष रमेश यादव ने बताया कि गाजीपुर के नारी पचदेवरा (मल्लाह टोला) थाना रामपुर निवासी शैलेन्द्र यादव की बेटी की शादी थाना के लखईपुर गांव में हुई है। पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। इसी बीच 19 फरवरी को शैलेन्द्र यादव का भतीजा निशांत यादव अपनी चचेरी बहन के घर आया था। लखईपुर के मुलायम यादव और उसके परिजन से निशांत का विवाद हो गया। इस पर निशांत ने फोन कर गांव के कुछ लोगों को बुला लिया और मारपीट करते हुए फायरिंग की। इस मामले में पुलिस ने निशांत यादव, अभिषेक यादव, शैलेन्द्र यादव, मन्नु यादव और खरपत यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी थी। सोमवार को पुलिस ने नारी पचदेवरा मल्लाह टोला थाना रामपुर माझा जिला गाजीपुर पहुंचकर आरोपी निशांत यादव, शैलेंद्र यादव और अभिषेक यादव को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। कहा कि तीनों का चालान किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।