चहनियां। स्थानीय कस्बा में ब्लाक रोड सहित अन्य मार्ग पर भूमिगत जल निगम की पाइप लाइन जगह जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे प्रति दिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं पानी के कारण मार्ग पर फिसलन की स्थिति होगई है।
बाजार के व्यापारियों का कहना है कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। कई घरों में तो पानी पहुंच ही नहीं पा रहा है। वहीं पाइप फटने से इसका पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि पिछले तीन चार वर्षों से पाइप लाइन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। आए दिन यह टूट जा रही है। कई बार विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई लेकिन पाइप लाइन को बदला नहीं गया। टूटे फूटे पाइप की मरम्मत भी समय से नहीं हो रही है। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पाइप लाइन की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।