दुलहीपुर । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदासी कोल मंडी स्थित एक ट्रांसपोर्ट के आफिस में बुधवार की रात घुसे चोरों ने टीवी पर हाथ साफ कर दिया। लोगों के अनुसार वहां तैनात गार्ड ने चोरों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चोरों ने गार्ड को मारपीट कर घायल कर दिया और टीवी लेकर चले गये। वहीं मंडी में खड़े एक ट्रक का शीशा तोड़कर मोबाइल व पांच हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा इलाहाबाद से आई ट्रक का शीशा काटकर 15 हजार रुपये नगदी व मोबाइल पार कर दिया। घटना के बाद से लोगों में भय में माहौल है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव मिश्रा ने बताया कि चंदासी मंडी से किसी ने मोबाइल चोरी की सूचना दी थी। हालांकि वहां से अब तक किसी ने भी कोई तहरीर नहीं दी है।