पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के एक घर और एक पॉवरलूम से चोर शनिवार रात करीब सात का माल उड़ा दिया व्यासपुर स्थित पाॅवरलूम से चोर सिल्क की 35 साड़ियां और बैटरी उठा ले गए। वहीं, नाथुपुर में घर में घुसे चोर कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर लाखों रुपये के गहने और नकदी समेट ले गए।
नाथूपुर गांव निवासी जैनुद्दीन शनिवार की रात अपने बच्चे गुलाम जिलानी, नातिन रहनुमा और तलब के साथ कमरे में सो रहे थे। उनकी पत्नी नरगिस बानो रिश्तेदारी में गई थी। रात में करीब दो बजे जैनुद्दीन की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने पड़ोसियों को फोन कर बुलाया और दरवाजा खुलवाया। कमरे से बाहर निकले तो घर के दूसरे कमरों के ताले खुले मिले। वह कमरों में अंदर गए तो आलमारी और बक्सा खुला हुआ था। आलमारी में रखा सोने का लॉकेट, सोने की सिकड़ी, एक जोड़ी झुमका, सोने की नथिया, सोने की दो अंगूठियां, एक जोड़ी पायल, चांदी की झिलमिली समेत अन्य आभूषण और 19 हजार रुपये नकद गायब थे। जैनुद्दीन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
वहीं, चौरहट गांव निवासी तौसिफ अहमद का साहूपुरी में व्यासपुर चौराहे के पास पाॅवरलूम का कारखाना है। शनिवार की शाम साड़ी की बुनाई के दौरान पाॅवरलूम का ताना टूट गया था। इसके बाद कारखाना मालिक और कर्मचारी ताला बंदकर घर चले गए थे। कारीगर रविवार को सुबह कारखाना खोलने पहुंचे तो गेट का ताला टूटा था। कर्मचारी की सूचना पर कारखाना मालिक तौसिफ अहमद भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ लाख की सिल्क की 35 साड़ी गायब मिली। वहीं ई रिक्शा की बैटरी भी गायब मिली। तौसिफ अहमद ने सुबह जलीलपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मुगलसराय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर ने कहा कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।