बलुआ थाना के पपौरा बाजार में सोमवार की रात चोरों ने आभूषण की दुकान से 80 हजार रुपये और लाखों रुपये मूल्य के गहने चुरा लिए। सुबह चोरी का पता चला तो पीड़ित ने पुलिस को सूचित किया। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा राजेश राय ने भी मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का मुआयना किया और पूछताछ की। पपौरा बाजार में लल्लन सेठ के मकान में उनकी पुत्री सुनीता देवी और पति राजेंद्र सेठ ने स्वर्ण आभूषण की दुकान खोल रखी है। सोमवार की शाम राजेंद्र सेठ ने दुकान बंद करके दो सौ मीटर दूर नए मकान में सोने चले गए। आधी रात के बाद चोर चैनल का ताला तोड़ा और चैनल के पीछे लकड़ी के दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान में घुस गए। आलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखे 80 हजार रुपये, आठ किलो चांदी के आभूषण, 80 ग्राम के सोने के गहने चुरा ले गए।
सुबह दुकान का ताला टूटा देख कर राजेन्द्र ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर कैलावर चौकी प्रभारी अनिल कुमार यादव, बलुआ एसआई अवधबिहारी यादव आदि पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच साक्ष्य जुटाए। सुनीता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उसके अनुसार करीब नौ लाख रुपये की चोरी हुई है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।