शहाबगंज। क्षेत्र के मचवल और किडिहरा गांव में शुक्रवार रात चोर दो घरों से नकदी और लाखों के गहने समेट ले गए। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। मचवल गांव निवासी प्रदीप सिंह उर्फ रवि के घर में घुसे चोर आलमारी में रखे लाखों के गहने ले गए। प्रदीप ने बताया कि रात में करीब डेढ़ बजे पत्नी रूबी की नींद टूटी तो देखा कि बगल के कमरे रखी आलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और सारे आभूषण गायब थे। उन्होंने बताया कि चोर सोने का हार, सोने की 14 चूड़ियां, 13 अंगूठियां, कृष्ण चूड़ा, दो मंगल सूत्र, तीन जोड़ी झुमके, तीन मांग टीका, तीन नथिया, सोने की दो सिकड़ी, नाक की दो लवंग, तीन करधनी, दो जोड़ी पायल, चांदी के कटोरी, गिलास और चांदी के सिक्के ले गए। उन्होंने बताया कि चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
इसी तरह किडिहरा गांव निवासी सुहेल अख्तर सिद्दीकी के घर को चोरों खंगाल दिया। दो मंजिला मकान में चढ़कर दाखिल हुए चोर दो कमरों में रखीं आलमारियां तोड़कर सोने के चार कंगन, सोने की सिकड़ी, एक जोड़ी झुमका, एक हार, तीन अंगूठियां, टार्च, चादर, बैग और रसोई में रखा दूध भी ले गए। भोर में करीब चार बजे सुहेल की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने अपने भाई शोएब अख्तर को फोन कर दरवाजा खोलने के लिए कहा तो उनके कमरे का भी दरवाजा बाहर से कपड़े से बांधा था। किसी तरह वह दरवाजा खोलकर निकले तो देखा कि जिन पांच कमरों में घर लोग सोये थे, उन सभी के दरवाजे बाहर से बंद थे। पीड़ित परिवार ने बताया करीब दस लाख रुपये के गहने चोर ले गए हैं। थानाध्यक्ष मिर्जा रिजवान बेग ने बताया दो घरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। दोनों गांवों में मौका मुआयना किया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।