पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत चंदासी पुलिस चौकी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थम नहीं नह्रीं। पिछले दस दिनों के भीतर क्षेत्र में चोरी की तीन घटनाएं घटित हुईं। वहीं दो स्थानों पर चोरी का असफल प्रयास किया गया।
चंदासी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत सिद्धार्थपुर कालोनी में रविवार दी दोपहर एक किराना की दुकान में घुसे चोरों ने गल्ले में रखे सात हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार को जब इसकी जानकारी दुकान स्वामी संजय ओझा को हुई तो उनके होश उड़ गये। संजय ओझा के अनुसार पूरी घटना पास में स्थित एक मकान में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई है। इसके पहले शनिवार की देर रात चोरों ने आईपी मॉल के समीप स्थित एक टॉयर शो-रूम के पास बने सर्विस रूम का दरवाजा तोड़कर चार बडी बैटरियों पर हाथ साफ कर दिया। शो-रूम स्वामी अशोक जायसवाल ने बैटरियों की कीमत लगभग पचास हजा रुपये बतायी है। चोरी की यह घटना भी सीसी कैमरे में कैद है। इसके पूर्व चोरों ने कृष्णा नगर कालोनी स्थित दो घरों में चोरी का प्रयास किया लेकिन घर में रह रहे लोगों के उठ जाने के कारण चोर वहां से फरार हो गया। छह मई को चोरों ने गिधौली में दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाते हुए 10 लाख रुपये मूल्य के गहनों समेत डेढ़ लाख रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल कर दिये है।