बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरेरा गांव स्थित एक मिठाई विक्रेता की घर में घुसकर शनिवार को गांव के ही मनबढ़ युवक पिटाई कर दी। घटना के बाद मिठाई विक्रता ने थाने में जाकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर दी। तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बलुआ थाना क्षेत्र गुरेरा गांव निवासी मिठाई विक्रेता जितेंद्र यादव ने शनिवार को साप्ताहिक बंदी के कारण दुकान बंद की थी। आरोप है कि क्षेत्र का एक मनबढ़ युवक शाम लगभग सात बजे नशे की हालत में मिठाई विक्रेता के दुकान के पीछे बने उसके मकान पर पहुंचा । वह विक्रेता से मिठाई की मांग करने लगा। इसपर जितेंद्र ने साप्ताहिक बंदी और मिठाई की अनुपलब्धता के कारण उसे मिठाई देने से इंकार कर दिया। जिससे नाराज होकर युवक ने दुकानदार से मारपीट करने लगा। इस बीच घर की महिलाओं ने बीच बचाव किया तो उसने उन्हें भी गालियां देनो शुरू कर दिया। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। बाद में पीड़ित ने थाने पर जाकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।