पीडीडीयू नगर। देवी उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्र की शुरुआत मंगलवार से होगी। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। सोमवार को देवी मंदिरों की साफ-सफाई कर झालरों और फूल-मालाओं से सजाया गया। वहीं, घरों में भी कलश स्थापना के लिए पूजन सामग्री की खरीदारी की गई। चैत्र शुक्ल पक्ष के प्रतिपदा से वासंतिक नवरात्र की शुरुआत मंगलवार से हो रही है। चतुर्भुजपुर निवासी प. कुंज बिहारी मिश्र ने बताया कि इस वर्ष नौ दिनों का नवरात्र होगा। पहले दिन माता के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की जाएगी। सोमवार की रात 11.55 से मंगलवार की रात 09.43 बजे तक प्रतिपदा तिथि है। दिन में रेवती, अश्वनी नक्षत्र है। ऐसे में दिन भर कलश स्थापना के लिए मुहूर्त है। अभिजीत मुहूर्त दिन में 11.35 से 12.24 बजे तक रहेगा। मंगलवार को 2081 पिंगल नामक संवत्सर की शुरूआत हाेगी। नवसंवत्सर के राजा मंगल होंगे जबकि शनि मंत्री होंगे। सोमवार को नगर के कैलाशपुरी, नई बस्ती, रविनगर, जीटी रोड, शाहकुटी, न्यू महाल, काली महाल, गल्ला मंडी, एलबीएस कटरा, चतुर्भुजपुर, आरपीएफ कॉलोनी, गया कालोनी स्थित देवी मंदिरों को सजाया गया है। परमार कटरा, नई बस्ती, गल्ला मंडी में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।