पीडीडीयू नगर। बकरीद पर कुर्बानी के बाद निकलने वाले लगभग 36 हजार किलो अपशिष्ट के निस्तारण के लिए नगर पालिका ने योजना तैयार कर ली गई है। नगर पालिका की ओर से कुर्बानी स्थलों के पास सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर लोहे के कंटेनर और बड़े वाहनों को खड़ा करने की योजना तैयार कर ली गई है। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को नगर पालिका बड़े वाहनों के जरिये एमआरएफ सेंटर भेजकर उसका निस्तारण कराया जाएगा। नगर क्षेत्र में शाहकुटी, कसाब महाल, मुस्लिमहाल के अलावा अलीनगर, इस्लामपुर आदि मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में बकरीद पर्व पर जानवरों की कुर्बानी दी जाएगी। कुर्बानी के बाद काफी मात्रा में अपशिष्ट निकलता है। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को निस्तारित करने की आवश्यकता पड़ती है। इसके लिए नगर पालिका की ओर से क्षेत्र में व्यापक प्रबंध किये गये है। हर वर्ष कुर्बानी के बाद लगभग 36 हजार किलो अपशिष्ट निकलता है। इसके निस्तारित करने के लिए नगर पालिका की ओर से प्रमुख स्थानों पर कंटेनर रखे जाने के साथ वाहनों को खड़ा कर दिया जाएगा। इसके अलावा गलियोँ से अपशिष्ट लाने के लिए सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने बताया कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को एमआरएफ सेंटर में गड्ढा खोदकर मानक के अनुसार निस्तारित किये जाने के निर्देश दिये गये है। इसके अलावा सफाई की भी पूरी व्यवस्था की गई है। संवाद