कंदवा। क्षेत्र के असना गांव में तीन दिनों पूर्व लगा सौ केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार को दोबारा जल गया। इससे करीब आधा दर्जन गांव शाम होते ही अंधेरे में डूब जा रहे हैं और विद्युत संचालित उपकरण शोपीस बन जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे सौ केवीए के ट्रांसफार्मर से आधा गांव की विद्युत आपूर्ति होती है। करीब एक सप्ताह पूर्व ट्रांसफार्मर जल गया था। तीन दिनों पूर्व जब लगा तो लोगों को राहत मिली लेकिन रविवार को दोबारा जल जाने से लोगों में मायूसी छा गई है। सबसे बड़ी समस्या पेयजल को लेकर हो रही है। गांव के सांतविलास सिंह, पप्पू सिंह, सुनील सिंह बबुआ, लकी, राजकिशोर यादव, रमेश गुप्ता, नारायण, सियाराम, राजेश, सोमनाथ आदि ने विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जले ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की है।