क्षेत्र के चिरईगांव लिफ्ट कैनाल के समीप स्थित डब्बू विश्वकर्मा के रिहायशी मकान में शनिवार की शाम करीब पांच बजे चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई। इससे घर में रखे 30 हजार रुपये, गृहस्थी और बेटी की शादी का सामान राख हो गया। चिरईगांव निवासी डब्बू विश्वकर्मा चिरईगांव लिफ्ट कैनाल के पूरब तरफ सीमेंट शेड व झोपड़ी लगा कर परिवार सहित निवास करते हैं। डब्बू के भाई पप्पू विश्वकर्मा के बेटी की बारात रविवार को आनी है। इसके लिए हलवाई मिठाई आदि सामान बना रहा था। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से अचानक झोपड़ी व शेड में आग लग गई। गांव वालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
तब तक शादी के लिए रखे 30 हजार रुपये, साड़ियां और अन्य सामान के साथ गृहस्थी का सामान राख हो गया। लेखपाल बजरंगी प्रसाद व संजय यादव ने मौके पर पहुंच कर मौका मुआयना किया और रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को देने की बात कही। समाजसेवी मृत्युंजय सिंह और किसान नेता सुमंत सिंह अन्ना ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिए जाने की मांग की है।
-
लकड़ी के टाल में लगी आग
पीडीडीयू नगर। सैयदराजा क्षेत्र के बगही गांव के पास नेशनल हाईवे के किनारे संतोष कुमार सिंह के लकड़ी की टाल में शनिवार की भोर शार्टसर्किट से आग लग गयी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान लाखों रुपये की लकड़ियां जल कर राख हो गईं। संवाद