पीडीडीयू नगर। जेठ की दोपहरी इस समय तवे की तरह तप रही है। मुंह झुलसाने वाली भीषण गर्मी और तपती दोपहरी में नगर में उड़ती धूल लोगोंं के लिए मुसीबत बन गई है। सबसे खराब स्थिति नई बस्ती से चंदासी मंडी तक की है। महीनों से सफाई नहीं हुई है। जिसकी वजह से डिवाइडर और सड़क किनारे धूल की मोटी परत जम गई है। शिकायत के बाद एक दो दिन पानी का छिड़काव और झाड़ू लगाने की फोटो खिंचवाकर खानापूर्ति कर दी जाती है।
नगर के जीटी रोड पर बने डिवाइडर के किनारे धूल की मोटी परत जम गई है। नगर के जीटी रोड पर डिवाइडर सपा कार्यालय के पास से शुरू होकर चंदासी कोलमंडी से आगे तक जाता है। सबसे अधिक धूल नई बस्ती से चंदासी तक जाने वाले डिवाइडर के किनारे जमी हुई है। यह हाल तब है, जब नगर पालिका के सफाईकर्मी हर रोज सड़क पर झाड़ू लगाते हैं लेकिन डिवाइडर किनारे जमी धूल को हटाने के प्रति लापरवाह बने रहते हैं। अधिकारियों की अनदेखी और सफाईकर्मियों की लापरवाही लोगों को भारी पड़ जाती है। डिवाइडर किनारे जमी धूल के चलते सबसे अधिक परेशानी दो पहिया या फिर पैदल चलने वालों को होती है।
सड़क पर हर रोज झाड़ू लगता है। इसके साथ ही डिवाइड किनारे जमी धूल को समय-समय पर सफाईकर्मियों की मदद से हटवाया भी जाता है।-कृष्णंचद्र, ईओ, नगर पालिका पीडीडीयू नगर