पीडीडीय नगर। पिछले एक सप्ताह से पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। वहीं गैस सिलिंडर का दाम भी बढ़कर 874 रुपये हो गया है। डीजल का दाम बढ़ने से जहां महंगाई बढ़ रही है वहीं रसोई गैस के महंगा होने से गृहणियों के लिए किचन का खर्च संभालना मुश्किल हो गया है। पिछले आठ दिनों में पेट्रोल का दाम 1.67 व डीजल का 1.93 रुपये प्रति लीटर बढ़ा है। इससे आम लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। कुछ दिनों की शांति के बाद एक बार फिर से पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने लगे हैं। आठ दिनों से लगातार इनके दामों में वृद्धि हो रही है। पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने से लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी डीजल के दाम बढ़ने से हो रही है। डीजल के दाम बढ़ने से जहां माल भाड़ा बढ़ने लगा है वहीं वाहनों का किराया भी बढ़ा है। माल भाड़ा बढ़ने से महंगाई भी सिर उठाने लगी है। पहले ही तेल, दाल, चीनी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के भाव बढ़े हुए थे, अब डीजल महंगा होने से इनके भाव आसमान पर पहुंचने के आसार बन गए हैं। इससे गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए घर का खर्च संभालना कठिन होता जा रहा है। पेट्रोल व डीजल के साथ रसोई गैस सिलिंडर के भाव भी हर माह बढ़ते ही जा रहे हैं। वर्तमान में सिलिंडर का भाव अपने उच्चतम स्तर 874 रुपये पर पहुंचा हुआ है। इससे गृहिणियों के लिए किचन संभालना मुश्किल हो गया है।