फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: 14 घंटे स्ट्रेचर पर ही कराहता रहा मरीज, इलाज को कहा तो बाहर से 600 का इंजेक्शन मंगाकर लगाया

विज्ञापन
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में स्ट्रेचर पर 14 घंटे तक मरीज दर्द से कराहता रहा लेकिन उसका इलाज शुरू नहीं हो सका। परिजनों का कहना है कि काफी देर बार जब चिकित्सक से इलाज की गुहार लगाई गई तो उन्होंने बाहर से एक 600 रुपये का इंजेक्शन मंगाकर लगा दिया।
विज्ञापन

जंगली सूअर के हमले से युवक के सिर, हाथ पैर, पेट में गंभीर चोटें थीं। सुबह भी इलाज शुरू न होने पर परिजनों ने पूर्व विधायक मनोज डब्लू को फोन किया। उनके आने के बाद करीब 12 बजे इलाज शुरू हो सका।

धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली निवासी रामायण यादव (45) मंगलवार की शाम अपने खेत में पशु के लिए चारा काटने के लिए गए थे। वहीं जंगली सूअर ने उनपर हमला कर दिया। जिससे वे घायल हो गए। वहां मौजूद चरवाहे ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। भाई रामअवतार यादव ने बताया कि सीएचसी से हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हम करीब रात 10 बजे जिला अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचे। भाई का सिर फट चुका था, हाथ, पैर और पेट में गंभीर चोटें थी, इसके बाद भी काफी देर तक कोई इलाज नहीं हुआ।
विज्ञापन

डॉक्टर से इलाज करने को कहा और गंभीर स्थिति बताई तो उन्होंने बाहर से 600 रुपये का इंजेक्शन मंगाकर लगा दिया। पूरी रात भाई स्ट्रेचर पर ही रहा, गंभीर स्थिति होने के बाद भी केवल पानी की बोतल लटकाकर इलाज के नाम पर खानापूर्ति हुई। आरोप लगाया कि वहां मौजूद नर्सों ने इसके लिए भी 200 रुपये ले लिए। काफी परेशान देखकर आसपास के मरीजों के परिजनों ने कहा कि बिना पैरवी का यहां कुछ नहीं होता। कोई मीडिया या फिर नेता की पैरवी हो तो तुरंत इलाज शुरू हो जाएगा। मेरे पास किसी का नंबर नहीं था। बुधवार की दोपहर 11 बजे तक भी जब कोई इलाज नहीं शुरू हुआ तो सपा के पूर्व विधायक मनोज डब्लू को फोन कर अपनी व्यथा सुनाई। वे 12 बजे के करीब अस्पताल पहुंचे और सीएमएस को फोन कर बात की। उनके बात करने के बाद भाई का इलाज शुरू हुआ। उसका एक्सरे और ड्रेसिंग किया गया। साथ ही डॉक्टर आने लगे।

कोट-

जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण चंदौली की स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हो चुकी हैं। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का मजाक बनाकर रख दिया है, जिससे सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों का समय से इलाज नहीं हो पा रहा है। फोन कर कहने के बाद भी सूअर के हमले से गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज नहीं शुरू हुआ। दोपहर में जब मौके पर आया तो 14 घंटे बाद इलाज शुरू हुआ जो शर्मनाक है।-मनोज सिंह डब्लू, पूर्व विधायक।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी में घायल युवक का प्राथमिक उपचार करने के बाद भर्ती कर लिया गया। चिकित्सक के परामर्श पर उसका सिर्फ एक्स-रे करना बाकी था। जो सुबह कराया गया और घायल का उपचार चल रहा है। -डॉ. सत्य प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल चंदौली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें