पीडीडीयू नगर। नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज में नामांकन वाले प्रत्याशियों के दस्तावेजों की जांच के बाद कालेज प्रशासन ने मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया। चुनाव अधिकारी के अनुसार प्रत्याशी की उम्र चुनाव नियमावली के अनुसार 17 वर्ष ही रही। लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज में छात्रसंघ चुुनाव के लिए सोमवार को कुल 45 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इसमें से अध्यक्ष पद के लिए सात, उपाध्यक्ष के लिए दस, महामंत्री पद के लिए आठ, पुस्तकालय मंत्री के लिए दो, कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए 16 व वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन हुआ। मंगलवार को कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी प्रत्याशियों के प्रपत्रों की गहनता से जांच की गई। जांच के बाद चुनाव अधिकारी की ओर से वैध और अवैध घोषित हुए प्रत्याशियों की सूची सूचना बोर्ड पर चस्पा की गई। चुनाव अधिकारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी का नामांकन चुनाव नियमावली के अनुसार रद्द किया गया है। शेष प्रत्याशियों का नामांकन वैध पाया गया है।