पीडीडीयू नगर। सड़कों पर छुट्टा पशुओं के विचरण और उनसे होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को विशेष अभियान चलाकर 11 पशुओं को पकड़ा गया। सभी पशुओं को मुगलचक स्थित अस्थायी पशु आश्रय स्थल में संरक्षित किया गया है। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, अभियान के दौरान पकड़े गए पशुओं में कई ऐसे हैं, जिन्हें पशुपालकों ने सड़क पर छोड़ दिया। नगर पालिका की ओर से स्पष्ट किया गया है कि छुट्टा पशुओं को पकड़ने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन पशुपालकों ने अपने पशुओं को लावारिस हालत में सड़क पर छोड़ा है, उनके खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने पशुपालकों से अपील की है कि वे पशुओं को खुले में न छोड़ें और उचित देखभाल करें।