इलिया। क्षेत्र के मालदह पुलिया के समीप मंगलवार की दोपहर में बाइक खरीदने जा रहे युवक की बदमाशों ने पिटाई कर दी और उसके पास से 73 हजार रुपये लेकर भाग गए। गंभीर रूप से जख्मी युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है।
घोडसारी गांव निवासी मंगल सिंह पुत्र अमरेश लगभग एक लाख रुपये लेकर बाइक खरीदने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि किसी बात को लेकर तियरा पेट्रोल पंप के पास उसकी किसी बात से विवाद हो गया। इसके बाद कुछ आगे जाने पर मालदह पुलिया के पास बदमाशों ने मंगल की पिटाई कर दी। मंगल को नदी में फेंकने का प्रयास किया। इस बीच दूसरे तरफ से कुछ लोग आते दिखे तो मंगल के पास से73 हजार रुपये छीन कर भाग गए। गंभीर रूप से जख्मी युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि तियरा पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी की जांच पड़ताल के बाद मामला संदिग्ध लग रहा है। हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।