पीडीडीयू नगर। मानसून के दस्तक देने से दो दिनों से मौसम बदल गया है। रविवार को सुबह तेज धूप निकलने के बाद दोपहर में बादल छाने लगे। करीब ढाई बजे 15 मिनट तक बारिश हुई। इसके बाद नम हवा चलती रही और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। इससे गर्मी से तो राहत मिली लेकिन उमस बढ़ जाने से लोग परेशान रहे। वहीं, मौसम बदलने से अधिकतम तापमान दो डिग्री घटकर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम तापमान 29 से बढ़कर 31 डिग्री पहुंच गया। केरल से चलकर महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश होते हुए सूबे के पश्चिमी हिस्से में मानसून पहुंचने से बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार को जिले में 15 मिनट तक बारिश होने से भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि जीटी रोड के दोनों किनारों पर पानी भर जाने से आवागमन में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। बारिश खत्म होने के बाद भी बाछल छाए रहे। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 24 से 26 जून तक जिले में भारी बारिश होने की संभावना है।