चहनियां/टांडाकला। चहनिया ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में बृहस्पतिवार को 72 बीडीसी सदस्यों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा था। वहीं, शुक्रवार को ब्लाॅक प्रमुख ने बोर्ड की बैठक में 55 सदस्यों के समर्थन के साथ कार्य योजना पास होने का दावा किया। विरोधी गुट के सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर नारेबाजी की। शुक्रवार को सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लाक सभागार में बोर्ड की बैठक हुई। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह भी पहुंच गए लेकिन वह बैठक में शामिल नहीं हुए। हालांकि वह परिसर में ही रहे। इसको लेकर चर्चा होती रही। बैठक में किन प्रस्तावों पर सहमति बनी, इसका पता नहीं चला। वहीं, ब्लाक प्रमख अरुण जायसवाल ने दावा किया कि बैठक में 55 सदस्य उपस्थित थे, जिन्होंने कार्ययोजना को मंजूरी दी। दूसरी तरफ, पूर्व ब्लाक प्रमुख के पति उपेंद्र सिंह गुड्डू को हाउस अरेस्ट किया गया था। बलुआ थाना अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्र ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उपेंद्र सिंह को ब्लाॅक कार्यालय जाने से रोका गया। वहीं, अविश्वास प्रस्ताव के लिए डीएम को पत्रक सौंपने वाले बीडीसी सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर मारूफपुर बाज़ार में प्रदर्शन किया। इसके बाद सदस्यों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। इस मौके पर आशा देवी, सोनी सिंह, सविता देवी, रीता देवी, प्रीति यादव, शीतला, मोहम्मद जावेद, रामेश्वर तिवारी, प्रदीप यादव समेत कई सदस्य मौजूद रहे।