पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली के राम मंदिर क्षेत्र में सिलाई मशीन के मिस्त्री ने शुक्रवार की रात फंदे पर लटककर जान दे दी। सुबह घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीडीडीयू नगर के राममंदिर क्षेत्र में रहने वाले गौरीशंकर विश्वकर्मा (55) नगर पालिका कार्यालय के पास सिलाई मशीन रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। लोगों के अनुसार आर्थिक तंगी और घरेलू कलह से वह परेशान रहते थे। शुक्रवार की रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी बीच उन्होंने दूसरे कमरे में पंखे के सहारे रस्सी के फंदे पर झूलकर जान दे दी। सुबह परिवार के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर में गौरीशंकर की पत्नी सुशीला और छोटा पुत्र दिलीप रहते हैं जबकि बड़ा पुत्र राजन बाहर रहकर नौकरी करता है।