पीडीडीयू नगर। शादी के बाद पत्नी के प्रेमी के साथ रहने के जिद से क्रोधित पति ने उसका उसी के गांव के सिवान में रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। घटना 14 अप्रैल की रात की है। इसका खुलासा मंगलवार को चकिया सीओ आशुतोष ने किया। उन्होंने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने बताया कि अवैध संबंध के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी।
सीओ आशुतोष ने बताया कि रसिया गांव निवासी हीरापाल की पुत्री रेनू (24) की शादी सकलडीहा थाना क्षेत्र के उकनी गांव निवासी बिहारी पाल के पुत्र ज्ञानेंद्र पाल से 4 मार्च 2024 को हुई थी। पूछताछ में ज्ञानेंद्र ने बताया कि विवाह से पहले पत्नी का प्रेम प्रसंग था। शादी के बाद यह बात पता चलने पर पत्नी को कई बार समझाया लेकिन वह प्रेमी के साथ रहने के लिए जिद कर रही थी। कॉल डिटेल और फेसबुक के माध्यम से जानकारी हुई कि पत्नी रेनू पाल लगातार प्रेमी के संपर्क में है। यह बात उसके घर वालों को भी पता है। 12 अप्रैल को रेनू अपने मायके रसिया आई थी। ज्ञानेंद्र ने बताया कि मैंने 14 अप्रैल को रेनू को अकेले में मिलने के लिए तैयार किया। पत्नी रेनू के गांव पहुंकर प्राइमरी स्कूल के सामने अपनी मोटरसाइकिल पुलिया के किनारे खड़ी कर दी तथा मिलने आई रेनू को समझाने की कोशिश की लेकिन वह प्रेमी के साथ ही रहने की बात पर अडिग रही। इसी कारण मैंने रेनू पाल का गला दोनों हाथों से दबा दिया और वह बेहोश हो गई। एक रस्सी को रेनू के गले में लपेटकर तीन चार बार खींचा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घर चला आया। सीओ ने बताया कि आरोपी ज्ञानेंद्र को मंगलवार को जिला चिकित्सालय अंडर पास से गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयोग की गई रस्सी और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। आरोपी पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।