इलिया के खरौझा गांव में राम कथा के पूर्व निकली शोभायात्रा में शामिल भक्त। संवाद
इलिया। क्षेत्र के खरौझा गांव में रविवार को श्रीराम सेवा समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा की शुरुआत हुई। कथा के पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और बालिकाएं सिर पर कलश लेकर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। यात्रा दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए हनुमान मंदिर तक पहुंची। आयोजन समिति के अनुसार, 26 अप्रैल से 4 मई तक चलने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। काशी की कथावाचिका मानस मयूरी शालिनी त्रिपाठी कथा सुनाएंगी। कलश यात्रा में ग्राम प्रधान राजन सिंह, पताली सिंह, पप्पू पांडेय, अजय कुमार, मनोज मौर्य, अंकित सिंह, राहुल दुबे सहित अन्य लोग शामिल रहे।