पीडीडीयू नगर। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य के नेतृत्व में उद्यमियों ने शनिवार को खुद पैसे खर्च कर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के मुख्य प्रवेश मार्ग की सड़क बनवाई। बताया कि सड़क खराब होने से आए दिन माल लेकर आने वाले ट्रक आदि वाहन इसमें फंस जाते थे। इस समस्या को उद्योग बंधु की बैठक में भी उठाया गया लेकिन सड़क नहीं बनाई गई।
रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने बताया कि काफी दिनों से खराब पड़े मुख्य मार्ग की मरम्मत की मांग की जा रही थी लेकिन पीडब्ल्यूडी ने कुछ नहीं किया। बरसात में उद्यमियों की गाड़ियां औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पा रही थीं। अक्सर गड्ढे और दलदल में फंस कर वाहन पलट जाते थे। जबकि उक्त सड़क को पीडब्ल्यूडी ने पांच माह पहले बनवाया था पर गुणवत्तापूर्ण काम न होने से सड़क खराब हो गई। उद्योग बंधु की बैठक में भी समस्या उठाई गई लेकिन सड़क नहीं बनी। इस पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रेश्वर जायसवाल सहित अन्य उद्यमी साथियों ने निजी खर्च कर सड़क बनवाई। उद्यमियों में पंकज बिजलनी, राजेश जायसवाल,अजय राय, राकेश जायसवाल, सिद्धार्थ बाजला, सचिदानंद आदि थे।