कंदवा। लघुडाल वाराणसी के मुख्य अभियंता प्रदीप झा ने शनिवार को करौती में कर्मनाशा नदी के तट पर स्थित लिफ्ट कैनाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शीघ्र ही लिफ्ट कैनाल की क्षमता वृद्धि कराए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कैनाल की क्षमता ढाई से बढ़ाकर साढ़े सात क्यूसेक करने का आश्वासन दिया है।
करौती में कर्मनाशा नदी में लगे ढाई क्यूसेक के लिफ्ट कैनाल की क्षमता वृद्धि व जीर्णोद्धार की मांग किसान काफी दिनों से कर रहे थे। इस पर मुख्य अभियंता शनिवार की शाम चार बजे करौती स्थित लिफ्ट कैनाल पर पहुंचे और उसका निरीक्षण कर जल्द ही कार्य आरंभ कराए जाने का आश्वासन दिया। बीते दिनों किसानों और जिला पंचायत सदस्य सीमा सिंह ने सैयदराजा विधायक सुशील सिंह से कर्मनाशा नदी के तट पर स्थित ढाई क्यूसेक क्षमता वाले करौती लिफ्ट कैनाल की क्षमता वृद्धि कराए जाने की मांग की थी। विधायक के निर्देश पर मुख्य अभियंता सहायक अभियंता प्रथम राजेश तिवारी और अनिल वर्मा के साथ पंप कैनाल पर पहुंचे। यहां उन्होंने निरीक्षण कर जल्द ही कैनाल की क्षमता वृद्धि कर ढाई से 7.5 क्यूसेक करने का आश्वासन दिया। इस दौरान किसान अजय पांडेय, रमाशंकर जायसवाल, मुक्तेश्वर पांडेय, जवाहर शर्मा, रंजीत प्रजापति, सत्येंद्र कुशवाहा, रामगति शर्मा, शंकर सिंह, रामजी पांडेय, केदार कुशवाहा रहे।