कंदवा। क्षेत्र के तुलसी आश्रम-धीना मार्ग पर उगी झाड़ियां दुर्घटना का दावत दे रही हैं। मार्ग पर उगी झाड़ियों के चलते लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी तो रात को होती है जब जंगली जानवर वाहन से टकरा कर दुर्घटना का कारण बन जाते हैं। क्षेत्र के लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से सड़क के किनारे उगे झाड़-झंखाड़ को साफ करवाने की मांग की लेकिन उन्हें मात्र आश्वासन ही मिला है।
जनपद को गाजीपुर जिले के जोड़ने वाले तुलसी आश्रम-धीना मार्ग पर उगी झाड़ियां लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं। मार्ग पर उगी झाड़ियों के चलते लोग जान जोखिम में डाल कर यात्रा करने को विवश हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोग विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा भुगतने को विवश हैं। मार्ग पर उगे झाड़-झंखाड़ के चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं लेकिन विभाग की तंद्रा नहीं टूट रही है। किसान नेता रतन सिंह, रविंद्र सिंह, बृजेश सिंह, छोटे सिंह, कामेश्वर राय, दरोगा राय आदि ने पीडब्ल्यूडी से सड़क किनारे उगे झाड़-झंखाड़ की साफ-सफाई कराने की मांग की है।