ताराजीवनपुर। अलीनगर में जामा मस्जिद के पास मंगलवार की रात मुहर्रम के जुलूस में करतब दिखाने के दौरान गड़ासा किशोर के पेट में लग गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। उसको वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि किशोर की आंत कट गई है। बुधवार को इसका वीडियो भी वायरल हो गया। मुहर्रम के जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग पर प्रतिबंध का असर नहीं दिख। मंगलवार की रात अलीनगर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान पुलिस की मौजूदगी में हादसा हो गया। जामा मस्जिद के पास जुलूस को रोककर युवक करतब दिखाने लगे। इस दौरान बर्फ की बड़ी-बड़ी सिल्लियों पर तीन किशोर कपड़े उतारकर लेट गए। उनके पेट और दोनों हाथों पर मिट्टी की हांडी रखी हुई थी। एक युवक चक्कर लगाकर गड़ासे के वार से हाड़ी फोड़ रहा था। इसी दौरान अलीनगर निवासी यासीन फारूकी (15) के पेट पर गड़ासा लग गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। तत्काल उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शेषधर पांडेय ने ऐसी घटना से इनकार किया है।