पीडीडीयू नगर। सैयदराजा थाना क्षेत्र के मरुई गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने सोमवार की शाम पिकअप और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। परिजनों पुलिस को शव ले जाने रोक दिया था। मान-मनुहार के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को राजी हुए। पिकअप का चालक वाहन सहित फरार हो गया । जेवरियाबाद निवासी लल्लन राम कनौजिया अपने छोटे पुत्र राहुल (16) को सैयदराजा से कोचिंग पढ़ने के बाद बाइक से घर छोड़ने जा रहे थे। मरुई गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही जमानिया की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप से उनके बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इससे पिता-पुत्र दोनों बाइक से गिर गए। पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पिता भी घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब किशोर के शव को क़ब्जे में लेने की कोशिश की तो मृतक के परिजनों ने शव देने से इंकार कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों के समझाने पर वे शव सौंपने को राजी हो गए। कुछ देर बाद दोबारा घर वाले थाने पहुंच गए और शव का पोर्समार्टम न कराने की जिद करने लगे लेकिन पुलिस ने दोबारा उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। राहुल कक्षा 10 का छात्र था। वह सैयदराजा एक निजी स्कूल में पढ़ता था। सैयदराजा कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत हुई है। पिकअप के चालक की तलाश की जा रही है।