पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित एक रेलवे के ठेकेदार के कार्यालय पर सोमवार को जीएसटी एसआईबी की टीम ने छापा मारा। पांच बोगस फर्मों के सहारे टैक्स चोरी का मामला पकड़ा गया। अधिकारियों ने सात से आठ करोड़ रुपये कर चोरी का अनुमान लगाया है।
रेलवे की ओर से ठेकेदार के माध्यम से कार्यों को कराने के साथ ही बड़े पैमाने पर खरीदारी भी की जाती है। सोमवार को दिन में लगभग साढ़े बारह बजे जीएसटी एसआईबी की टीम अलीनगर स्थित एक रेलवे ठेकेदार के कार्यालय पर पहुंची। ठेकेेदार ट्रेन के डिब्बों की मरम्मत का काम करता है। टीम ने ठेकेदार से सामानों की खरीद-फरोख्त से संबंधित कागजात मांगे। वह कोई भी कागज नहीं दिखा पाया। पांच फर्मों के सहारे 70 से 80 करोड़ का कारोबार का मामला सामने आया। इसमें सात से आठ करोड़ रुपये की टैक्स की चोरी का अनुमान अधिकारियों ने लगाया है। फर्म के विरुद्ध लगभग टीम ने लगभग पांच घंटे तक जांच की। शाम लगभग साढ़े पांच बजे टीम वाराणसी रवाना हो गई।