अलीनगर थाना के गोधना गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर शनिवार की रात छुट्टा पशु से बचने के चक्कर में तेज रफ्तार टैंकर पलट गया। टैंकर पलटने से उसमें लदा पेट्रोल सड़क पर गिरने लगा। हादसे में चालक तो बाल-बाल बच गया लेकिन खलासी जख्मी हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल खलासी को एंबुलेंस से नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शेषधर पांडेय के साथ ही फायर ब्रिगेड और एनएचएआई हेल्पलाइन की टीम पहुंच गई थी। काफी प्रयास के बाद क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कर किनारे लगाया गया और हाईवे पर आवागमन शुरू कराया गया।
सरेसर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन डिपो अलीनगर से डीजल और पेट्रोल लोड कर टैंकर चालक संजय सिंह और खलासी अरविंद पाल प्रयागराज के फूलपुर के लिए चले थे। आधी रात को गोधना गांव के पास टैंकर पहुंचा था कि टैंकर के सामने एक छुट्टा पशु आ गया। उसे बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार टैंकर बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया।