चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में जनसुनवाई की। इस दौरान नौगढ़ तहसील के रिठियां ग्राम निवासी अमरेश की पत्नी संतरा देवी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं लेखपाल पर पैसे मांगने का आरोप लगाया। इसे डीएम ने गंभीरता से लिया। उन्होंने नौगढ़ एसडीएम से इसकी जांच कराकर आरोपित लेखपाल विक्रम पासवान को निलंबित कर दिया।
पीड़िता का आरोप था कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत छह माह से अधिक का समय व्यतीत हो गया। इसके बाद भी योजना का लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है। इसके लिए लेखपाल की ओर से बार-बार पैसे की मांग की जा रही है। इसपर डीएम ने एसडीएम को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उपजिलाधिकारी ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि रजिस्ट्रार कानूनगो नौगढ़ से स्पष्टीकरण में बताया गया है कि संतरा देवी के दावा प्रपत्र को गढ़वा क्षेत्र के तत्कालीन लेखपाल विक्रम पासवान को 2 मार्च को ही प्राप्त करा दिया गया था। वहीं 19 जुलाई तक उक्त दावा प्रपत्र की जांच आख्या कार्यालय रजिस्ट्रार कानूनगो तहसील नौगढ़ को उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसमें प्रथम दृष्टया सिद्ध होता है दायित्वों का निर्वहन कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत नहीं किया जा रहा है। इससे कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं आम जनमानस में सरकार की छवि धूमिल हो रही है। इससे प्रथम दृष्टया आरोप सिद्ध होने पर उक्त लेखपाल के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। इससे तहसील कर्मियों में खलबली मच गई है।