कंदवा। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र को जमानिया उपकेंद्र से जोड़ने वाली 33 केवी लाइन का तार रविवार की रात सात बजे बहादुरपुर गांव के पास टूटकर गिर गया। इससे अमड़ा विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। उससे जुड़े 120 गांवों विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। किसानों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बिजली कर्मियों ने करीब 20 घंटे बाद टूटे तार की मरम्मत कर सोमवार की शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से धीना, असना, ककरैत, रेरुआ, डेढ़गांवा, जेवरियाबाद और विश्व बैंक फीडर संचालित होते हैं।इन फीडरों से 120 गांवों के साथ 70 राजकीय नलकूपों के अलावा सैकड़ों निजी नलकूपों और विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों को विद्युत आपूर्ति होती है। रविवार की रात करीब सात बजे 33 हजार लाइन का तार जमानिया थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास अचानक टूट गया। इससे अमड़ा विद्युत उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली न रहने से लोगों को भीषण उमस में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बिजली के अभाव में लोगों के घरों में रखे इन्वर्टर और मोबाइल शोपीस बनकर रह गए। बिजली न मिलने से सुबह लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। वहीं किसानों को भी दिक्कत उठानी पड़ी। सोमवार की शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के जेई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि 33 हजार लाइन का तार टूटने के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी जिसे दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।