पीडीडीयू नगर। बिजली निगम उपभोक्ताओं को रोस्टर के हिसाब से बिजली दें। उपकेंद्रों पर कर्मचारी और अधिकारी 24 घंटे उपस्थित रहें। यह निर्देश डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बिजली आपूर्ति की समीक्षा बैठक में दिए। डीएम ने निगम के अधिकारियों से कहा कि कई उपभोक्ता फोन से शिकायत करते हैं। सब स्टेशन पर फोन से प्राप्त शिकायतों को रजिस्टर में अंकित करें। शिकायत मिलते ही कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही ऑनलाइन शिकायतों का फीडबैक लिया जाए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को सुचारू रूप से बनाए रखने हेतु ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि करने, नए ट्रांसफॉर्मर लगाने तथा ओवरलोड लाइनों को विभाजित किए जाने के निर्देश दिए। खराब ट्रांसफॉर्मर को समय अवधि में ठीक करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। चेताया कि बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की शिथिलता व उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के कार्यों में लापरवाही न होने जाने, उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने एवं उन्हें अकारण परेशान करने तथा भ्रष्टाचार की शिकायत पर ऐसे कर्मचारी बखशे नहीं जाएंगे।