गर्मी के दिनों में ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे पटना से अहमदाबाद और इंदौर के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाएगी। एक एक जोड़ी समर स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अहमदाबाद पटना स्पेशल अहमदाबाद से प्रत्येक सोमवार को एवं पटना से प्रत्येक मंगलवार को रतलाम-कोटा- कानपुर सेंट्रल-लखनऊ-वाराणसी-पं.दीनदयाल उपाध्याय जं. के रास्ते चलेगी। अहमदाबाद से तीन अप्रैल् से 26 जून तक प्रत्येक सोमवार को सुबह 09.10 बजे खुलकर मंगलवार की शाम 17.40 बजे पं.दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी और यहां से खुलकर रात 21.05 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन चार अप्रैल से 27 जून तक प्रत्येक मंगलवार को पटना से रात 23.45 बजे खुलकर भोर में 03.05 बजे पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंंचेगी। यहां से चलकर बृहस्पतिवार को दिन 11.20 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। इसी तरह डॉ. अम्बेडकर नगर (इंदौर) पटना सुपरफास्ट समर स्पेशल सात अप्रैल से प्रत्येक शुक्रवार को इंदौर से सुबह 5.05 बजे खुलेगी। यह शनिवार की रात 00.05 बजे पं.दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर भोर में 3.30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन आठ अप्रैल से एक जुलाई तक प्रत्येक शनिवार को पटना से सुबह 7.20 बजे खुलेगी। सुबह 10.45 बजे पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी और यहां से चलकर रविवार की सुबह 5.40 बजे इंदौर एवं 6.15 बजे डॉ. आंबेडकर नगर पहुंचेगी।