पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना अंतर्गत दयालपुर गांव में शनिवार की रात चोरों ने मेवालाल के घर में घूसकर सो रही महिलाओं पर नशीला पाउडर छिड़क कर अचेत कर दिया। इसके बाद नकदी सहित एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात चुरा लिए। सुबह चोरी का पता चला तो पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। दयालपुर गांव निवासी मेवाराम खेती किसानी करते हैं। मेवालाल के तीन बेटे सकलडीहा में रिश्तेदारी में गए थे। रात में मेवालाल स्वयं घर के बाहर छावनी में सो गए। पत्नी धनसीरा और बहू कमरे में सोई थी। आधी रात के बाद चोर किसी तरह घर में पहुंच गए और सो रही महिलाओं पर नशीला पाउडर छिड़क दिया। इसके बाद चोरों ने आराम से आलमारी में रखे 17 हजार रुपये नकदी सहित एक लाख रुपये मूल्य के गहने चुरा कर भाग निकले। सुबह देर रात न जागने पर मेवालाल ने किसी तरह महिलाओं को जगाया। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का ताला खुला था नकदी और गहने गायब मिले। भुक्तभोगी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल में जुट गई। इस संबंध में एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।