धानापुर। थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बा स्थित शहीद स्मारक के समीप शनिवार को भाकपा माले के बैनर तले गुरैनी गांव के ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। वे 18 दिन पहले गांव से गायब मजदूर गुड्डू गोंड (41) मामले का पर्दाफाश न किए जाने से नाराज थे। कहा कि 18 दिन बाद भी पुलिस गायब गुड्डू को खोज पाने में नाकाम रही है। 26 जनवरी को गुड्डू को घर से खाना खाते समय कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद से गुड्डू घर वापस नहीं लौटा। उसी समय से गुड्डू को घर से बुलाकर ले जाने वाले पिता-पुत्र भी फरार चल रहे हैैं। वहीं पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। कहा कि एसपी की पहल पर सात दिनों बाद धानापुर थाने की पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। इसके 18 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस गुड्डू की तलाश नहीं कर पाई है। अखिल भारतीय गोंड़ महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष राम उजागिर गोंड ने चेतावनी दी कि पुलिस गुड्डू के हत्यारों को यदि 24 घंटों में गिरफ्तार नहीं किया गया तो गोंड समाज धरना-प्रदर्शन तेज करेगा। इस मौके पर पीड़ित की पत्नी गीता, रामप्यारे सैनी, शशिकांत सिंह, रमेश राय, श्रवण कुमार मौर्य, मुंशी राय, तूफानी गोंड, महादेव गोंड सहित पीड़ित के परिजन मौजूद रहे।