पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना अंतर्गत कैली गांव में सोमवार की रात चोरों ने ज्वेलरी की दुकान का ताला तोड़ कर उसमें रखे आभूषण और नकदी 80 हजार का माल चोरों ने पार कर दिया। मंगलवार की सुबह इसकी जानकारी हुई तो दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुुआयना कर जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया। चोरी की घटना से इलाके में दहशत है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाट नंबर दो निवासी राहुल वर्मा ने कैली चौराहे पर किराए के मकान में स्वर्ण आभूषण की दुकान खोल रखी है। शाम को दुकान बंद कर वे घर चले जाते हैं। सोमवार की शाम भी राहुल देर शाम दुकान बंद कर घर चले आए । मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने दुकान को ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना राहुल को दी। जब राहुल ने शटर उठाकर दुकान के अंदर देखा तो भौचक रह गया। काउंटर में रखे नकदी सहित 15 ग्राम सोना व चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। राहुल के अनुसार चोरों ने अस्सी हजार रुपये मूल्य के सामान चुराए हैं। राहुल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।