जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा गुरुवार को भारी अव्यवस्था के बीच शुरू हुई। पहले दिन जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मालती राय के सचल दस्ते ने पहली पाली में तीन छात्रों को दूसरी बार परीक्षा देने के मामले में केंद्र व्यवस्थापक को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। जिले में 71570 के सापेक्ष दोनों पालियों में कुल 61942 परीक्षार्थी शामिल हुए। 9613 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी। सुबह पहली पाली में हिन्दी की परीक्षा में कुल 39620 के सापेक्ष कुल 33942 छात्र-छात्राएं शामिल हुईं। वहीं 5678 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह परीक्षा शुरू होने से पूर्व छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्रों पर अपना रोल नंबर ढूंढने में काफी मशक्कत करना पड़ा। खासकर वे परीक्षार्थी परेशान दिखे, जिनके प्रवेश पत्र में गड़बडिय़ां थी। जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में सचल दस्ते ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सकलडीहा में एक और डेढ़गांवा में दो छात्र दोबारा हाईस्कूल की परीक्षा देते हुए पकड़ा और उनपर प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश केंद्र व्यवस्थापक को दिया। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी प्रथम प्रश्न की परीक्षा हुई। इसमें कुल 31950 के सापेक्ष कुल 28015 परीक्षा शामिल हुए। इसमें 3935 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी। एक ओर जहां नकल रोकने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी भाग दौड़ करते दिखे तो दूसरी ओर नकल माफिया भी परीक्षा केंद्रों पर अंदर ही अंदर सक्रिय रहे।