पीडीडीयू नगर। अब रेलवे ने नई दिल्ली से मुजफ्फरपुर, सहरसा, भागलपुर एवं रांची के लिए समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी की ओर से जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है। इसके अनुसार हाजीपुर, पाटलिपुत्र, पीडीडीयू जंक्शन, वाराणसी, लखनऊ के रास्ते दिल्ली मुजफ्फरपुर समर स्पेशल सात से 28 मई तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को दिल्ली से 19.40 बजे चलकर अगले दिन 19.40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन आठ से 29 मई तक प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को मुजफ्फरपुर से 22.30 बजे चलकर अगले दिन 23.10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी तरह नई दिल्ली-भागलपुर समर स्पेशल 31 मई तक प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को नई दिल्ली से 13.20 बजे खुलकर अगले दिन 12.00 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन सात मई से एक जून तक प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को भागलपुर से 13.30 बजे खुलकर अगले दिन 12.15 नई दिल्ली पहुंचेगी। रांची नई दिल्ली समर स्पेशल दस मई से 28 जून तक प्रत्येक शुक्रवार को रांची से 23.55 बजे खुलकर अगले दिन रात 22.20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 11 मई से 29 जून तक प्रत्येक शनिवार को नई दिल्ली से 23.45 बजे खुलकर सोमवार की रात 00.15 रांची पहुंचेगी। नई दिल्ली सहरसा समर स्पेशल पीडीडीयू जंक्शन नहीं आएगी।